रायपुर, 30 अप्रेल। नगर पंचायत नया बाराद्वार के उपाध्यक्ष जितेश शर्मा ने बुधवार को राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान जितेश शर्मा एवं पार्षद अजय सिंह राजपूत ने नगर पंचायत में विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की और कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं।
उपाध्यक्ष ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि नगर पंचायत में नियमित कर्मचारियों की संख्या बहुत कम है, जिससे कार्यालयीन कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा प्लेसमेंट कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता जताई। उपाध्यक्ष ने यह भी बताया कि नगर पंचायत बाराद्वार में पदस्थ इंजीनियर को अन्य चार निकायों का प्रभार दिया गया है जिससे वह बाराद्वार में समय नहीं दे रहे हैं। इस कारण विकास कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ी हुई है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सभी जरूरी सहयोग और फंड राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद अजय सिंह राजपूत, सचिन शर्मा भी उपाध्यक्ष के साथ मौजूद रहे। उम्मीद है कि इस मुलाकात के सकारात्मक परिणाम जल्द ही देखने को मिलेंगे और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।